Showing posts with label hindi. Show all posts
Showing posts with label hindi. Show all posts

Tuesday, December 07, 2010

जहाँ पेड़ पर चार दाने लगे, हज़ारों तरफ से निशाने लगे

जहाँ पेड़ पर चार दाने लगे
हज़ारों तरफ से निशाने लगे

हुई शाम यादों के इक गाँव में
परिंदे उदासी के आने लगे

घड़ी दो घड़ी मुझको पलकों पे रख
यहाँ आते आते ज़माने लगे

कभी बस्तियां दिल की यूँ भी बसीं
दुकाने खुलीं, कारखाने लगे

वहीँ ज़र्द पत्तों का कालीन है
गुलों के जहाँ शामियाने लगे

पढाई लिखाई का मौसम कहाँ
किताबों में ख़त आने-जाने लगे

-बशीर बद्र

Thursday, April 15, 2010

देखो, आहिस्ता चलो

देखो, आहिस्ता चलो, और भी आहिस्ता ज़रा
देखना, सोच-संभल कर ज़रा पाँव रखना
ज़ोर से बज उठे न पैरों की आवाज़ कहीं
कांच के ख्वाब हैं बिखरे हुए तन्हाई में
ख्वाब टूटे न कोई, जाग न जाये देखो

जाग जायेगा कोई ख्वाब तो मर जायेगा.

- गुलज़ार

Sunday, February 07, 2010

मैं नहीं जाता

मैं नहीं जाता
किसी के द्वार
बिना मनुहार
अथवा
समय की पुकार के।

अनमाँगा दंडकारणय भी
फलता है
लंका का स्वर्ण
सिर्फ, जलता है
जलता है।

- शिव मंगल सिंह सुमन

Tuesday, November 10, 2009

बेघर

शाम होने को है
लाल सूरज समंदर में खोने को है
और उसके परे
कुछ परिंदे
क़तारें बनाये
उन्ही जंगलों को चले
जिनकी पेड़ों की शाखों पे हैं घोंसले
ये परिंदे
वहीँ लौटकर जायेंगे
और सो जायेंगे
हम ही हैरान हैं
इस मकानों के जंगल में
अपना कहीं भी ठिकाना नहीं
शाम होने को है
हम कहाँ जायेंगे

from Javed Akhtar's gazal collection 'Tarkash'

Thursday, September 17, 2009

मर्सिया

एक चुटकी नींद की मिलती नहीं
अपने जख्मों पर छिड़कने के लिए
हाय, हम किस शहर में मारे गए

घंटियाँ बजती हैं,
ज़ीने पर कदम की चाप है
फिर कोई बेचेहरा होगा
मुहँ में होगी जिसके मक्खन की जुबां
सीने में होगा जिसके एक पत्थर का दिल
मुस्कुराकर मेरे दिल का इक वरक ले जाएगा

(बम्बई, २२-०५-१९७०)

- राही मासूम रज़ा

these days i'm deeply into the poetry of Shri Rahi Masoom Raza. bought a collection of his poetry, titled "Gareebe-shehar" from the Delhi Book Fair this time. it is the first poem in the collection and i've not read more than five of them till now. just been reading them again and again. will be posting the second one soon.

Thursday, April 30, 2009

मापदंड बदलो

मेरी प्रगत या अगति का
यह मापदंड बदलो तुम,
जुए के पत्ते सा
मैं अभी अनिश्चित हूँ।
मुझ पर हर और से चोटें पड़ रही हैं,
कोंपलें उग रही हैं,
पत्तियां झाड़ रही हैं,
मैं नया बनने के लिए खराद पर चढ़ रहा हूँ,
लड़ता हुआ
नई राह गढ़ता हुआ आगे बढ़ रहा हूँ।

अगर इस लड़ाई में मेरी साँसे उखड गयीं,
मेरे बाजु टूट गए,
मेरे चरणों में आंधियों के समूह ठहर गए,
मेरे अधरों पर तरंगाकुल संगीत जम गया,
या मेरे माथे पर शर्म की लकीरें खिंच गयीं,
तो मुझे पराजित मत मानना,
समझना-
तब और भी बड़े पैमाने पर,
मेरे ह्रदय में असंतोष उबल रहा होगा,
मेरे उम्मीदों के सैनिकों के पराजित पंक्तियाँ
एक बार और
शक्ति आजमाने को
धूल में खो जाने को या कुछ हो जाने को
मचल रही होंगी।
एक और अवसर की प्रतीक्षा में
मन् की कंदीलें जल रही होंगी।

ये जो चाँद से फफोले तलुओं में दिख रहे हैं
ये मुझको उकसाते हैं।
पिंडलियों की उभरी हुयी नसें
मुझ पर व्यंग्य करती हैं।
मुहँ पर पड़ी हुई यौवन की झुर्रियां
कसम देती हैं।
कुछ हो अब, तय है-
मुझको आशंकाओं पर काबू पाना है,
पत्थरों के सीने में
प्रतिध्वनि जागते हुए
परिचित उन राहों में एक बार
विजय-गीत गाते हुए जाना है-
जिनमें मैं हार चुका हूँ।

मेरी प्रगति या अगति का
यह मापदंड बदलो तुम
मैं अभी अनिश्चित हूँ.